अमर उजाला की खबर का असर....
सुनपुरा में अवैध विला ध्वस्त, 16 करोड़ की जमीन मुक्त
- अमर उजाला में अवैध कॉलोराइजर के खिलाफ खबर प्रकाशित होते ही सख्ती
- प्राधिकरण अधिकारियों की आंखें खुलीं, 8,200 वर्ग मीटर भूमि से हटा कब्जा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में सुनपुरा गांव के आसपास अवैध रूप से बन रहे निर्माणाधीन विला को बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया गया। यहां पर करीब 8,200 वर्ग मीटर जमीन मुक्त करा ली गई है। इस जमीन की कीमत करीब 16.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई प्राधिकरण अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अमर उजाला में प्रकाशित हुई खबर के बाद की।
प्राधिकरण के अधिूसचित क्षेत्र में कई काॅलोनाइजर सक्रिय हैं और कुछ प्राधिकरण के अधिकारियों की सह पर प्लॉट काटकर चले जाते हैं। वहीं कई गांवों की जमीन पर काॅलोनइाजर फ्लैट बनाकर ही भाले-भाले लोगों को सस्ते में बेच जाते हैं। इस पर अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में
‘अवैध कालोनी काटने वाले हो जाते हैं रफूचक्कर, खरीदार बन रहे घनचक्कर’
के शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद प्राधिकरण अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की
प्राधिकरण के ओएसडी हिमांशु वर्मा ने बताया कि सुनपुरा में खसरा नंबर 398, 399 व 444 की जमीन पर अवैध रूप से विला का निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, प्रबंधक एसपी सिंह और सहायक प्रबंधक राजेश कुमार निम व थाना इकोटेक-थ्री पुलिस के साथ बृहस्पतिवार सुबह मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। चेतावनी दी है कि प्राधिकरण की अधिसूचित एरिया में जमीन कब्जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हर वर्क सर्किल को अपने एरिया में जमीन पर अतिक्रमण रोकने के लिए कड़ी नजर रखने और सूचना देने के निर्देश दिए हैं।
प्राधिकरण के अधिूसचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। टीम ने बृहस्पतिवार को खबर का संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेनो प्राधिकरण।