आदेशों की अनदेखी के बाद कासना कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कासना गांव में कस्टोडियन की भूमि पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) को पत्र भेजकर कार्रवाई की सिफारिश की थी। शिकायत के आधार पर कासना कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रोजेक्ट व वर्क सर्किल-8 के सहायक प्रबंधक सतीश चंद्र शर्मा द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, गांव कासना की भूमि राजस्व अभिलेखों में कस्टोडियन के नाम दर्ज है। वर्ष 2002 के शासनादेश के तहत इस भूमि पर किसी भी प्रकार के विक्रय, प्रतिकर या निर्माण की अनुमति नहीं है।
इसके बावजूद रविन्द्र ठाकुर और जितेन्द्र चौहान नामक व्यक्तियों द्वारा इस भूमि पर दुकानों का अवैध निर्माण कराया जा रहा था। शिकायतकर्ताओं ललित और मुकेश नागर, निवासी गांव दादूपुर (दनकौर), की शिकायत पर प्राधिकरण की टीम ने 29 सितंबर को मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रविन्द्र ठाकुर मौके पर मौजूद मिले और दुकानों का निर्माण कार्य जारी था।
प्राधिकरण अधिकारियों ने तुरंत निर्माण कार्य रुकवाया और संबंधित व्यक्तियों को सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। हालांकि कुछ समय बाद अतिक्रमणकर्ताओं ने आदेशों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सुपरवाइजर द्वारा कार्य रोकने के निर्देश देने के बावजूद निर्माण जारी रहा।
सहायक प्रबंधक सतीश चंद्र शर्मा ने पुलिस से अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।