पुलिस की मौजूदगी में ढहाए अवैध निर्माण
तावडू। शिकारपुर बाईपास पर पेट्रोल पंप के समीप कॉलोनी में किए गए अवैध निर्माण को जिला नगर योजनाकार की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल के सामने उनकी नहीं चली।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी मनीष यादव ने बताया कि सोमवार को 8 एकड़ में बनीं 3 अवैध कॉलोनियों में तीन व्यावसायिक शेड, तीन निर्माणाधीन मकान व उनकी दीवारों को तोड़ा गया। इसके अलावा 20 निर्माणाधीन मकानों की फाउंडेशन भी ध्वस्त की गई। इन सभी भवन मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने को कहा गया था। आदेश का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार अधिकारी ने बताया कि अवैध निर्माण रोकने के लिए जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। लोगों से भी अपील की है कि बिना जांच पड़ताल ऐसी जगहों पर प्लॉट नहीं खरीदें। मनीष यादव ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान तावडू शहर थाना प्रभारी ओमवीर सिंह, नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह, जेई सलीम, अशोक आदि मौजूद रहे।