-हिरण के लिए बाड़े बनाने और बीच में होने वाले निर्माण की डिजाइन से जुड़े सवाल किए, प्राधिकरण ने जवाब भेजा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-91 बायोडायवर्सिटी पार्क में प्रस्तावित डियर पार्क सनसेट सफारी निर्माण के लिए तैयार डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर भारतीय प्रद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू ने कुछ जानकारी मांगी है। सवाल हिरण के लिए बनाए जाने वाले बाड़ों की निर्माण डिजाइन से जुड़े हैं। इनका जवाब नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग ने भेजा है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने दावा किया कि औपचारिक तौर पर डीपीआर को मंजूरी मिल गई है। हालांकि लिखित में आनी शेष है। परियोजना में करीब 36 करोड़ रुपये लागत का अनुमान है।
नोएडा प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक डियर पार्क व सनसेट सफारी 32 एकड़ में बनाया जाएगा। इसमें हिरण के 9 बाड़े बनाए जाने हैं। हर बाड़े में अलग-अलग प्रजाति के हिरण रखे जाने हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी बाड़ों को जंगल के स्वरूप में विकसित होगा। अफ्रीकी हिरण जब आएंगे तो उनके बाड़े को अलग रूप से तैयार किया जाएगा। डियर पार्क को बायोडायवर्सिटी पार्क से अलग किया जाएगा। इसके लिए बाउंड्री बनाई जाएगी। वहीं पहले से बनी बाउंड्री के ऊपर तार लगाए जाने का भी काम होना है। इसमें 3 करोड़ 93 लाख 68 हजार रुपये की लागत अुनमानित है, जिसके लिए एजेंसी का चयन भी हो चुका है। उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि ग्रैप-3 की पाबंदियां हटने के बाद निर्माण शुरू करवाया जाएगा।