पता होता भावनाएं आहत करेंगे तो गांव में घुसने भी नहीं देते
ग्रेटर नोएडा/रबूपुरा (जेपी शर्मा/दीपक सिंघल)। वेब सीरीज तांडव की कुछ शूटिंग रबूपुरा के गांव उटरावली, निलौनी और मिर्जापुर में भी की गई है, लेकिन विवाद और लोगों की भावनाएं आहत होने को लेकर ग्रामीण गुस्से में हैं। उनका कहना है कि अगर उन्हें पहले पता होता तो वह शूटिंग करने देना तो दूर गांव में घुसने भी नहीं देते।
तांडव के निर्माण के दौरान स्टाफ के लिए उटरावली गांव में फार्म हाउस देने वाले संजीव त्यागी का कहना है कि तीन दिन के लिए 200 लोगों का स्टाफ गांव में रुका था और कुछ दृश्यों की शूटिंग हुई थी। 17 से 19 नवंबर 2019 तक कलाकार व अन्य स्टाफ उनके फार्म हाउस पर ही रुककर निलौनी व मिर्जापुर में शूटिंग करने जाते थे। वह शूटिंग देखने नहीं गए। ग्रामीणों को भी वह शूटिंग से दूर रखते थे, इसलिए जानकारी नहीं हो पाई कि वह किस तरह की वेब सीरीज बना रहे हैं। अगर उन्हें पहले पता होता तो वह कभी भी फार्म हाउस का इस्तेमाल नहीं करने देते, बल्कि गांव में घुसने का भी विरोध करते। अभिनेता सुनील ग्रोवर अधिकांश समय फार्म हाउस व शूटिंग के स्थान पर रहे थे। सैफ अली खान आदि वहां नहीं रुके थे हो सकता है कि कहीं और रुककर केवल शूटिंग के दौरान आए हों। इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। हालांकि, पता चला है कि शुरुआत में सुनील के सड़क पर चलने, ईख में पुलिस फायरिंग और किसान प्रदर्शन की शूटिंग यहीं हुई है। एक ग्रामीण ने जानकारी दी है कि वेब सीरीज भट्टा पारसौल किसान आंदोलन पर आधारित है, लेकिन इसमें मलकपुर गांव दिखाया गया है। वहीं, निलौनी गांव निवासी हेमंत कुमार का कहना है कि उन्हें यह सुनकर बहुत ठेस पहुंची है, जिस वेब सीरीज ने देश के लोगों की भावनाओं को आहत किया उसकी शूटिंंग गांव में हुई है। अगर उन्हें या अन्य ग्रामीणों को पता होता तो वह शूटिंग करने वालों को गांव में घुसने भी नहीं देते।
रबूपुरा क्षेत्र में ही प्रस्तावित है यूपी की फिल्म सिटी
मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही क्षेत्र में बनने वाली फिल्म सिटी को हरी झंडी दिखाई है। खास बात यह है कि यह फिल्म सिटी रबूपुरा क्षेत्र में ही प्रस्तावित है। यूपी की फिल्म सिटी को लेकर चर्चा है कि यहां इस तरह की विवादित फिल्में बनने पर पूरी तरह से रोक रहेगी।