मास्टरमाइंड मोहित गोयल आज से पुलिस रिमांड पर
नोएडा। देशभर के हजारों लोगों से 200 करोड़ से अधिक ठगने के आरोप में गिरफ्तार मास्टरमाइंड मोहित गोयल बुधवार से 3 दिन तक पुलिस रिमांड पर रहेगा। इसी मामले में मंगलवार को कोतवाली सेक्टर-58 में 9 और मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक इस मामले में नोएडा में कुल 13 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई शहरों में लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि मुख्य आरोपी सुमित यादव समेत अन्य आरोपियों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सूरजपुर कोर्ट में मोहित की रिमांड पर करीब ढाई घंटे की बहस हुई। इसके बाद कोर्ट ने तीन दिनों के रिमांड पर मोहित को भेजने का आदेश दिया। बुधवार सुबह 10 बजे से मोहित गोयल की रिमांड शुरू होगी। इस दौरान पुलिस उसकी चल व अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाएगी। मोहित ने 251 रुपये के मोबाइल फोन बेचने और ड्राई फ्रूट्स के नाम पर फर्जीवाड़ा कर एनसीआर से लेकर कई शहरों में करोड़ों की चल अचल संपत्ति बनाई है। इधर, ड्राई फ्रूट्स मामले में कोतवाली सेक्टर-58 में नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ से लेकर अन्य शहरों के पीड़ितों की शिकायत पर 9 एफआईआर दर्ज की गई हैं। यह एफआईआर दुबई ड्राई फ्रूट्स और आयुर्वेदिक कमोडिटीज कंपनी के पीड़ितों द्वारा कराई गई हैं। इससे पहले इन दोनों कंपनियों से जुड़े चार मुकदमे नोएडा के कोतवाली सेक्टर-58 और कोतवाली फेज 3 में दर्ज थे।
पुलिस ने अब तक मोहित गोयल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने एसीपी रजनीश वर्मा के नेतृत्व में एक एसआईटी का भी गठन किया है। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि बुधवार को मोहित कस्टडी में लिया जाएगा। पुलिस की टीमों ने सोमवार देर रात और मंगलवार को एनसीआर के कई स्थानों पर दबिश दी और फरार आरोपियों को तलाश किया।