साइबर जागरूकता के लिए पुलिस ने शुरू की साइबर चैलेंज प्रतियोगिता
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आप साइबर ठगों को चकमा दे सकते हैं तो पुलिस आपके लिए एक चैलेंज लाई है। इसमें हिस्सा लेकर पोस्टर, रील या पत्र के जरिये शहरवासियों को साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक करना है। बेहतर काम करने वालों को पुलिस सम्मानित भी करेगी।
पुलिस के इस साइबर चैलेंज गौतमबुद्धनगर अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर ठगी पर लगाम लगाना है। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि यह अभियान साइबर जागरूकता के लिए है। इस अभियान में भाग लेने वाले किसी प्रकार की साइबर ठगी पर वीडियो और पोस्टर बना सकते हैं। शर्त यह है कि इसमें कंटेंट खुद का होना होना चाहिए।उन्होंने बताया कि वीडियो अपने सोशल अकाउंट के साथ नोएडा पुलिस को टैग करें। वीडियो के नीचे कैप्शन में हैशटैग जरूर लगाएं।
इन पर तैयार करें सामग्री
इसमें डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस कॉल, निवेश व ट्रेडिंग घोटाले, फिशिंग लिंक, संदिग्ध ईमेल, धोखाधड़ी वाले ऐप, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में लघु फिल्म भी बना कर पोस्ट कर सकते हैं।
-
प्रतियोगिता की श्रेणियां
पोस्टर, रील या लघु फिल्में और दादा-दादी या नाना-नानी को पत्र
भाग लेने की प्रक्रिया
-सभी प्रतिभागी अपने विषय पर पोस्टर, रील या पत्र तैयार करें।
-अपनी प्रविष्टि को अपने इंस्टाग्राम व एक्स हैंडल पर पोस्ट करें।
-जीबीएन पुलिस साइबर को टैग करें या साइबर चैलेंज जीबीएन हैशटैग का इस्तेमाल करें।
-
इन बातों का रखें ख्याल
प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, प्रासंगिकता, प्रभाव और मौलिकता के आधार पर किया जाएगा।
आकर्षक पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियों का चयन लोकप्रियता (लाइक्स, व्यूज, शेयर) और गुणवत्ता के आधार पर किया जाएगा।
प्रविष्टि मौलिक होनी चाहिए और किसी स्रोत से कॉपी नहीं की गई हो।
प्रविष्टियों में आपत्तिजनक, भ्रामक या राजनीतिक सामग्री नहीं होनी चाहिए।
आयोजकों को प्रविष्टियों का उपयोग साइबर जागरूकता अभियानों में करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।
निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होगा।