45 सेक्टरों की आरडब्ल्यूए ने खोला मोर्चा, खाली पड़े प्लॉट में झाड़ियां कटवाने से लेकर अन्य कई मुद्दों को उठाया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर पी तीन में रविवार को फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के 45 सेक्टरों की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। सेक्टर के पदाधिकारियों ने कहा कि कई-कई दिन तक कूड़ा पड़ा रहता है। सेक्टर ईटा एक से शबनम शर्मा ने सेक्टर में खाली पड़े प्लाॅट में झाड़ियां कटवाने की बात कहीं। सेक्टरों के पार्कों में घास की कटिंग, सीवर ओवर फ्लो की समस्या पर चर्चा की गई। सेक्टर अल्फा एक के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शेर सिंह भाटी ने कहा परी चौक, रायन गोल चक्कर, पी-तीन गोल चक्कर के अलावा अन्य स्थानों पर जाम की समस्या बनी रहती है। शहर की जनसंख्या को देखते हुए आवागमन के लिए सिटी बस का संचालन ग्रेनो प्राधिकरण को करना चाहिए।
सेक्टर पी-तीन के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित भाटी ने सेक्टर के पास से निकल रहे गंदे नाले को पक्का कराने की मांग की। दीपक भाटी ने शहर की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय थाना और पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक करने के लिए प्रस्ताव रखा। पानी बिल पर बढ़ाए गए 10 प्रतिशत चार्ज का विरोध जताया। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने सभी की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा शहर की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सभी आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ मिलकर ग्रेनो प्राधिकरण का घेराव किया जाएगा। आदित्य भाटी, श्याम सुंदर, रमेश गुप्ता, रामवीर शर्मा, सुरेंद्र कुमार शर्मा, अश्वनी यादव, आलोक साध, भुवनेश्वर गर्ग, योगेंद्र मावी, सुधीर चौधरी, सतीश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, प्रदोष भाटी, सुरेंद्र पाल, विनय कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।