मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली तो बंद करेंगे मेंटेंनेस शुल्क देना
-ग्रेनो वेस्ट की महागुन मंत्रा वन सोसाइटी के निवासियों ने बैठक कर लिया फैसला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन मंत्रा वन सोसाइटी के निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने के विरोध में बैठक की। निवासियों का आरोप है कि हर माह 20 से 22 लाख रुपये मेंटेनेंस शुल्क के नाम पर वसूला जा रहा है। उसके बाद भी बेसिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। चेतावनी दी है कि अगर इस माह समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो फिर अगले माह से मेंटेनेंस शुल्क देना बंद कर देंगे।
निवासियों ने बताया कि बिल्डर ने मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाकर 3.54 रुपये प्रति स्क्वायर फीट कर दिया है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया। मुख्य गेट पर बूम बेरियर नहीं लगाया गया है। जबकि दो साल से मांग कर रहे हैं। पिछले सप्ताह स्वीमिंग पूल चालू कर दिया गया, लेकिन बाथरूम के दरवाजे व साफ सफाई नहीं है। आठ वर्ष से बड़े बच्चों के खेलने के लिए प्रर्याप्त स्थान नहीं है। सोसाइटी के आसपास कोई सरकारी पार्क नहीं है। सोसाइटी में गेस्ट पार्किंग की सुविधा नहीं है। हरियाली के नाम पर पौधे लगाए गए, लेकिन उनकी फेंसिंग नहीं की गई। जानवर उनको नष्ट कर रहे हैं। बेसमेंट में कूड़ा डाला जाता है। उससे बदबू आती है। कूड़ा निस्तारण नहीं किया जा रहा है। ग्राउंड फ्लोर के अलावा अन्य जगह पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। बिल्डर से कई बार इस संबंध में वार्ता हो चुकी है लेकिन हर बार आश्वासन दिया गया। अब निवासियों ने बैठक कर फैसला लिया है कि अगर इस माह समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अगले माह से मेंटेनेंस शुल्क देना बंद करेंगे। बैठक में देवेंद्र जाखड़, जेपी पांडेय, राजेश कुमार, केएम चौबे, अखिलेश ठाकुर, संजीत कुमार, मोहित चोपड़ा, सुमन कुमार झा, पुनीत झा, केदार सिंह समेत अन्य निवासी मौजूद रहे।