04 रानी की सराय कस्बा में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा। संवाद
आजमगढ़। नगर सहित ग्रामीणांचल में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को भी जारी रहा। जगह-जगह से विसर्जन जुलूस निकाले गए। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भक्त डीजे की धुन पर थिरकते हुए मां को विदाई दे रहे थे। भक्तों ने जलाशयों और नदियों के किनारे पहुंचकर परंपरागत विधि-विधान से मूर्तियों का विसर्जन किया। विसर्जन के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।
मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और जगह-जगह यातायात व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। शाम तक श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर बना रहा। महाराजगंज : नगर पंचायत महाराजगंज में विजयदशमी का मेला संपन्न होने के बाद शुक्रवार की शाम मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम शुरु हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। विसर्जन के दौरान श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते-नाचते मां के जयकारे लगाते चल रहे थे। पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा। नगर के विभिन्न स्थानों पर इस वर्ष एक दर्जन से अधिक मां दुर्गा की मूर्तियां स्थापित की गई थीं। मेला संपन्न होने के बाद शाम को भक्तों ने पूजा पंडालों से प्रतिमाओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखकर गाजे-बाजे और डीजे के साथ विसर्जन यात्रा प्रारंभ की। विसर्जन के दौरान पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।