आईसीयू अच्छा चल रहा, लेकिन डॉक्टर को नहीं मिल रहा वेतन
-प्रभारी मंत्री के निरीक्षण में सामने आई सिस्टम की हकीकत, डीएम से कहा कि समस्या का हल कराएं
- जिला अस्पताल के निरीक्षण में मरीजों से भी मंत्री और डीएम ने लिया फीडबैक
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-39 स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में मरीजों को आईसीयू जैसी विशेष चिकित्सा सुविधा भले ही मिल रही हो लेकिन उसे चलाने वाले चिकित्सक को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। सोमवार को जब प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे तो सिस्टम का यह खराब चेहरा उनके सामने आया। मरीजों को मिल रही इलाज की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए प्रभारी मंत्री डीएम मनीष वर्मा, सीएमओ डॉ. सुनील कुमार शर्मा के साथ जिला अस्पताल पहुंचे थे।
प्रभारी मंत्री को बताया गया कि पूरे प्रदेश में नोएडा अकेला ऐसा जिला अस्पताल है जहां आईसीयू की सुविधा है। आईसीयू का राउंड द क्लाॅक संचालन चिकित्साधिकारी डॉ. असद महमूद के जिम्मे है। सीएमएस जोकि खुद एमडी मेडिसिन हैं, वह भी यहां मरीजों की देखभाल करती हैं। प्रभारी मंत्री ने डॉक्टरों से भी बात की। उनको बताया गया कि डॉ. असद को कोरोना के समय शासन के आदेश पर मरीजों को इलाज देने के लिए नोएडा में संबद्ध किया गया था। उनकी मूल तैनाती सीएमओ गोंडा के अधीन है। तीन महीने पहले सीएमओ गोंडा के आदेश पर उनका वेतन रोक दिया गया। उनकी ही तरह सीएमओ एटा से संबद्ध इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मोहित को भी छह महीने से वेतन नहीं मिला है। प्रभारी मंत्री ने दोनों डॉक्टरों की सैलरी निर्गत कराने का आदेश किया है।
इससे पहले प्रभारी मंत्री व डीएम ओपीडी में पहुंचे। यहां बच्चों के टीकाकरण, आभा आईडी से ओपीडी पंजीकरण, दवा वितरण के काम को देखा। सीएमएस डॉ. रेनू अग्रवाल ने उनको बताया कि आभा आईडी से पंजीकरण के मामले में एम्स नई दिल्ली और भाेपाल के बाद जिला अस्पताल नोएडा पूरे देश में तीसरे नंबर पर है। इसके बाद वह फिजियोथेरेपी यूनिट में भी उन्होंने काम देखा और मरीजों से फीडबैक लिया। कूड़ा उठने को लेकर शिकायत मिली है। यह निजी एजेंसी ऑल ग्लोबल हाउस कीपिंग का काम है। इकट्ठा हुआ कूड़ा नोएडा प्राधिकरण को दिन में तीन बार उठाना होता है। इसे सुनिश्चित कराने के लिए अस्पताल प्रशासन को कहा है।
इनसेट
सीएचसी भंगेल में कैंटीन विवाद पर ली जानकारी
प्रभारी मंत्री ने सीएचसी भंगेल में कैंटीन बंद होने और मरीजों को खाना नहीं मिल पाने के मामले में भी जानकारी ली। उनका कहना है कि इस प्रकरण का समाधान कराया जाएगा।