- सोसाइटियों में मजबूरी बताकर हासिल करती थीं काम, बाद में करतीं थीं चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली तीन घरेलू सहायिकाओं को फेज तीन थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी ओर से हाईराइज सोसायटी के आसपास रहकर वहां काम की तलाश और मजबूरी बताकर फ्लैट्स में काम हासिल किया जाता था। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। गिरफ्तार की गई तीनों सहायिकाएं मां-बेटी हैं। उनके कानपुर में भी कुछ वारदात करने की बात सामने आई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में सामने आया है कि तीनों को एक ही घर में काम पर रखा गया था। यहां उनका सत्यापन तो दूर सभी के नाम के बारे में भी ठीक से जानकारी नहीं ली गई थी। घर में चोरी 23 जून को हुई थी और उन्हें 18 जून को काम पर रखा गया था। एसीपी फर्स्ट सेंट्रल नोएडा वर्तिका सिंह ने बताया कि मामले में जून के महीने में शिकायत मिली थी। जिसमें घर से सोने और जरूरी सामान चोरी होने की बात सामने आई थी। जिसके बाद टीम को इस मामले में लगाया गया था। कार्रवाई करते हुए गीता देवी के साथ उसकी दो बेटियों शालू और शिवानी को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से करीब 2 लाख रुपये का गोल्ड बरामद किया गया है। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।