ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के घुड़सवार प्रतिभा दिखाएंगे। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) स्थित स्टेडियम में तीन वर्गों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और स्कूली बच्चों के बीच प्रतियोगिताएं होंगी। तीन से सात मार्च तक होने वाली चैंपियनशिप में राष्ट्रीय टेंट पैगिंग टीम में चयन के लिए खिलाड़ी संघर्ष करेंगे। वहीं वर्ल्ड चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने के लिए 12 से 14 मार्च तक सात देशों भारत, अमेरिका, रूस, पाकिस्तान, कतर, बेलारूस, बहरीन के खिलाड़ियों के बीच टक्कर होगी।
सोमवार को एक प्रेसवार्ता में भारतीय टेंट पेगिंग टीम के कोच अहमद अफसर, कमेंटेटर अथर और हाईटेक स्कूल के चेयरमैन डॉ. विहंग गर्ग ने आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टेंट पेगिंग में घोड़े पर बैठकर 6.4 सेकेंड में भाले से जमीन पर रखे सफेद प्लेट जैसे टुकड़े को उठाने जैसी प्रतियोगिता होगी। अहमद अफसर ने बताया कि 1965 से शुरू टेंट पेगिंग प्रतियोगिता में कई बार भारतीय घुड़सवारों का दबदबा रहा है। जीबीयू में 2015 में भी ऐसी प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं। इस बार अंतरराष्ट्रीय टेंट पेगिंग फेडरेशन, एक्वेस्टेरियन, घुड़सवारी फेडरेशन ऑफ इंडिया और युवा एवं खेल मंत्रालय की ओर से द पेंटा ग्रैंड-2021 नाम से आयोजन कराया जा रहा है। तीन से सात मार्च तक राष्ट्रीय टेंट पैगिंग टीम के चयन के लिए कुबेर नेशनल एक्वेस्ट्रायन चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसमें बीएसएफ, असम रायफल्स, इंडियन नेवी, प्रेसिडेंट्स बॉडी गॉर्ड्स, 61वीं कैवलरी, वेस्टर्न कमांड, नॉदर्न कमांड, आर्मी, ट्रेनिंग सहित सभी प्रदेशों की पुलिस, आईटीबीपी, रॉयल राइडिंग क्लब, हाईटेक कॉलेज गाजियाबाद, मयूर क्लब, पॉथवे क्लब आदि के घुड़सवार शिरकत करेेंगे। पांच सर्वश्रेष्ठ घुड़सवार भारतीय टीम में चयनित होंगे।
द नोएडा हॉर्स शो में हिस्सा लेंगे स्कूली बच्चे
तीसरे वर्ग के तहत स्कूली बच्चों के बीच 5 और आठ से 11 मार्च के बीच प्रतियोगिताएं कराई जाएंगे। द नोएडा हॉर्स शो के तहत होने वाली प्रतियोगिताओं में दिल्ली-एनसीआर के स्कूली बच्चे भाग लेंगे।
तीन हजार और 15 सौ के टिकट
कोरोना को देखते हुए इस बार स्टेडियम में विशेष सतर्कता बरतते हुए कम दर्शकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। टिकट के दाम तीन हजार रुपये और 14 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों के लिए 15 सौ रुपये होंगे। अंतिम दिन बचे टिकट एक हजार रुपये में दिए जाएंगे। ऑनलाइन टिकट बुक माई शो वेबसाइट पर मिलेंगे, वहीं जीबीयू में ऑफलाइन भी प्राप्त किए जा सकेंगे।
देश के नामी खिलाड़ी शिरकत करेंगे
देश को विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण दिलाने वाले नामी खिलाड़ी भी आयोजन में शिरकत करेंगे। इनमें हरियाणा पुलिस के सुरेश कुमार, सेना के 61वीं कैवलरी के अर्जुन पुरस्कार विजेता अजय सावंत, जसविंदर सिंह (बीएसएफ) और जसविंदर सिंह (पंजाब) व असम के वांगसेम लमारी भी शामिल हैं।