-शासन के आदेश के बाद प्रशासन ने शुरू की तैयारी, जल्द मिलेंगे होमगार्ड
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले के सभी सब रजिस्ट्रार कार्यालयों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड और भूतपूर्व सैनिकों की तैनाती होगी। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। पहले चरण में 100 सब रजिस्ट्रार कार्यालय को चिह्नित किया है। हालांकि अभी इसकी सूची जारी नहीं की है, लेकिन गौतमबुद्ध नगर के कार्यालय भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। अफसरों का कहना है कि कार्यालयों में जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड रखा रहता है। अभी उसकी सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।
एआईजी द्वितीय ब्रिजेश कुमार ने बताया कि स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री ने प्रदेश के 380 सब रजिस्ट्रार कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की घोषणा की है। इसके लिए 315 भूतपूर्व सैनिक ओर 789 होमगार्ड की व्यवस्था होगी। पहले चरण में 100 सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर इनकी तैनाती की जाएगी। इस संबंध में महानिरीक्षक निबंधन ने दिशा-निर्देश जारी किए है। जो कार्यालय निजी या किराये के भवन में हो रहा है, वहां भी इनकी तैनाती होगी। उन्होंने बताया कि 8-8 घंटे की तीन शिफ्ट में होमगार्ड और भूतपूर्व सैनिक तैनात होंगे। जिले के सब रजिस्ट्रार कार्यालय की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। यहां पर छह कार्यालय हैं।