समाज कल्याण मंत्री ने कहा - नई पीढ़ी को हिंदी व अन्य भारतीय भाषाओं से जोड़ना जरूरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
रोहिणी सेक्टर-14 के एक स्कूल में रविवार को हिंदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय अस्मिता की प्रतीक है। यह विश्व में भारत की पहचान और गर्व का आधार है लेकिन नई पीढ़ी तक हिंदी की समृद्ध विरासत को पहुंचाना जरूरी है।
इंद्राज ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे छात्र, छात्राओं को हिंदी और अन्य भारतीय भाषाएं जानने के लिए खूब प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि हिंदी दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। भारत के अलावा मॉरीशस, फिजी, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन सहित अनेक देशों में करोड़ों लोग हिंदी बोलते व समझते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और प्रयास से दुनियाभर में इसकी लोकप्रियता और बढ़ी है। डिजिटल मीडिया, फिल्म, टीवी, पत्रकारिता और इंटरनेट पर हिंदी की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है। इधर, कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता वाले गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम किया।