पीएम का सुरक्षा तंत्र 7000 सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में होगा। इसमें पुलिस विभाग के 5000 राजपत्रित व अराजपत्रित अधिकारी होंगे। पुलिस के अलावा पीएसी, आरएएफ, सीआईएसएफ और एटीएस की टीम भी निगरानी करेगी। वहीं एसपीजी और एनएसजी कमांडों का सुरक्षा कवच पीएम के आसपास रहेगा।
भीड़ को देखते हुए बढ़ाई गई पार्किंग
यातायात पुलिस की ओर से वाहनों के लिए 15 पार्किंग बनाई गई है। पहले 12 स्थानों पर पार्किंग बनाई गई थी, जिसे बढ़ा दिया गया है। जनसभा में 4000 वाहनों की व्यवस्था की गई है। वहीं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और आमजनों के लिए पुलिस हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। आपातकालीन स्थिति के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर सेफ्टी टीमें तैनात की गई हैं।
सोशल मीडिया की हो रही निगरानी, ड्रोन से नजर
पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रही है। अफवाह या किसी तरह की भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एंट्री ड्रोन टीम तैनात की गई है। पूरा कार्यक्रम स्थल नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। डॉग स्कवाएड भी तैनात कर दिए गए हैं। जो पीएम के कार्यक्रम में पूरी चौकसी बनाकर रखेंगे।
टीम को तत्काल एक्शन लेने के निर्देश
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पूरी तरह से चौकसी बरती जा रही है। टीम को निर्देश हैं कि जरा भी संदिग्ध स्थिति बनने पर तत्काल एक्शन लिया जाए। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही है। -डॉ प्रवीण रंजन, पुलिस उपायुक्त