संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने गांव ढाणी फोगाट निवासी युवक से 12.10 ग्राम हेरोइन बरामद करने के मामले में सह आरोपी गांव मानकावास निवासी गुलशन उर्फ गुल्लक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वीरवार को सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई विशाल टीम के साथ दादरी के महेंद्रगढ़ चौक के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव ढाणी फोगाट निवासी एक युवक नशीले पदार्थ के साथ निर्माणाधीन लघु सचिवालय रोड से गांव घसौला की तरफ गया है। जिस पर एएसआई विशाल टीम के साथ घसौला रोड पर निर्माणाधीन लघु सचिवालय से आगे नहर पुल पर पहुंचे तो एक युवक जाता दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे काबू कर नाम पूछा तो उसकी पहचान गांव ढाणी फोगाट निवासी राजीव उर्फ राजू के रूप में हुई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट कृषि विकास अधिकारी अंकित के सामने तलाशी लेने पर युवक के पास से 12.10 ग्राम हेरोइन व दूसरी जेब से इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह हेरोइन गांव मानकावास निवासी गुलशन उर्फ गुल्लक से खरीदी थी। शुक्रवार को एएसआई जगजीत सिंह की टीम ने आरोपी गुलशन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।