ग्रेटर नोएडा। कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में वायरल संक्रमणों के प्रभावी निदान, उपचार और प्रबंधन के लिए हेपेटाइटिस बी और सी केंद्र की स्थापना की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य संक्रमण से पीड़ित मरीजों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है।
जिम्स के निदेशक डॉ. ब्रिगेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से हेपेटाइटिस बी और सी से पीड़ित मरीजों को निशुल्क दवाएं दी जाएंगी। वहीं, जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र पर समय पर बीमारी की पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के लिए परामर्श और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल वायरल हेपेटाइटिस से निपटने और समाज पर इसके बोझ को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्र के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी मेडिसन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार को दी गई है। जिम्स में हेपेटाइटिस बी और सी केंद्र की स्थापना गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को लाभ मिलेगा, जिन्हें पहले इन बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता था। ब्यूरो