गाजियाबाद। कविनगर और सिहानी गेट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हेलमेट लगाए बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं से सोने की चेन झपट ली। दोनों पीड़िताओं ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों घटनाओं में मात्र 35 मिनट का अंतर है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कविनगर में रहने वाली प्रतिभा मिश्रा सहगल बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकलीं थीं। इसी दौरान उनकी बेटी भी साइकिल चलाने के लिए उनके साथ आ गई। हापुड़ चुंगी से दोनों जब संजय नगर फ्लाईओवर की ओर चलीं तो पीछे से बाइक सवार दो बदमाश प्रतिभा के गले से सोने की चेन झपटकर भाग गए। पीड़िता के मुताबिक चेन का वजन करीब 10 ग्राम है।
एसीपी ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में रहने वाले बाबूराम के मुताबिक बुधवार सुबह करीब छह बजे वह घर से पत्नी के साथ मंदिर जाने के लिए निकले। घर से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर भाग गए। दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था।