दिल्ली-एनसीआर में सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर धरती हिली
सेक्टरों और सोसाइटियों में मची हलचल, लोग बाहर निकले
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.4 महसूस की गई। यह झटके नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अन्य इलाकों में महसूस हुए। भूकंप के कारण 10 सेकेंड तक धरती डोलती रही। इससे लोगों में दहशत फैल गई और कुछ लोग फ्लैट और घरों से बाहर निकलकर आ गए। लोगों के डर की एक और वजह यह रही कि बुधवार रात में ही दिल्ली-एनसीआर में अच्छी खासी बारिश भी हुई थी।
बता दें कि बृहस्पतिवार सुबह इस समय तक कुछ घरों में लोग सोकर उठ चुके थे और कुछ लोग सो ही रहे थे। इस दौरान जब लोगों ने तेज झटके महसूस किए तो पल भर में उन्हें समझने का मौका ही नहीं मिला कि आखिर हुआ क्या है। जब तक कुछ समझ पाते तब तक झटके महसूस होना बंद हो गए। इसके बाद सेक्टर और सोसाइटियों के ग्रुपों पर मैसेज चलने लगे। ग्राउंड फ्लोर वाले लोग बाहर निकलकर आ गए। सेक्टर 76 स्थित आम्रपाली प्रिंसले एस्टेट सोसाइटी निवासी ज्योत्सना पमनानी ने बताया कि भूकंप कुछ समय के लिए ही थे, लेकिन सोसाइटी के सभी लोगों को महसूस हुए। इसके बाद से ग्रुप पर मैसेज आने लगे थे। उनका फ्लैट 11वें फ्लोर पर है और उस समय वह मेडिटेशन कर रही थीं और उन्हें लगा कि अचानक धरती हिलने लगी है। वहीं, सेक्टर 119 स्थित आम्रपाली प्लेटिनम सोसाइटी निवासी सोनी सिंह ने बताया कि उसका फ्लैट 25वें फ्लोर पर है। उस समय वह न्यूजपेपर पढ़ रही थीं, उन्हें लगा कि उनका सोफा हिलने लगा है। कुछ ही देर बाद स्थिति सही हो गई।