पीलीभीत के पूरनपुर में बगैर रजिस्ट्रेशन के अवैध ढंग से नगर के ब्लॉक रोड पर चल रही जनता पैथालॉजी लैब और घुंघचाई में चल रहे सिद्धि विनायक आंख अस्पताल को पुलिस को साथ लेकर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सील कर दिया।
कार्रवाई के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष राज शर्मा ने बताया कि ब्लॉक रोड पर जनता पैथालॉजी लैब और घुंघचाई में सिद्धि विनायक आंख अस्पताल बगैर पंजीकरण के अवैध ढंग से चल रहे थे। इसकी शिकायत किसी ने सीएमओ से की थी। सीएमओ के निर्देश पर शनिवार को छापा मार कर जनता पैथालॉजी लैब और घुंघचाई के सिद्धि विनायक आंख अस्पताल को सील कर दिया। लैब और आंख अस्पताल अवैध ढंग से चलने की सूचना पुलिस को दी।
नगर और देहात में खुलने वाले निजी अस्पतालों की कुछ दिनों से संख्या बढ़ गई है। चार दिन पहले नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में सीजर ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई थी। प्रसूता के परिजनों की शिकायत पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने अस्पताल की ओटी को सील कर दिया था। अस्पताल संचालक से दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण तलब किया था। अस्पताल संचालक ने अब तक अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया। सील ओटी को सांठगांठ से खुलवाने की कोशिश शुरू की गई है।