-हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए एंबुलेंस रहेंगी तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। नौतपा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जेवर में दिन का तापमान लगातार 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिसके चलते लोगों में लू, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, बुखार और अन्य गर्मी जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को लू से बचाव की जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य कर्मी लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्का व पौष्टिक भोजन करने, शरीर को पूरी तरह ढककर रखने और तेज धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं। इसके साथ ही ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने पर जोर दिया जा रहा है।
बच्चे और बुजुर्ग दोपहर में बाहर न निकलें
स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक के मरीजों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के लिए जेवर क्षेत्र की एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखा है। सीएचसी और पीएचसी में दवाइयों, बेड, पेयजल और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्फे जेया ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है, लेकिन लोगों को भी खुद जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें तथा दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें। सावधानी बरतकर ही लोग लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रह सकते हैं।