-स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की हुई शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को समर्पित स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की ओर से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक हरियाणा के सभी ईएसआईसी औषधालयों, अस्पतालों और पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में प्रतिदिन 130 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।
यह अभियान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचएफडब्ल्यू) और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के संयुक्त नेतृत्व में देशभर में चलाए जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पहल की शुरुआत करते हुए कहा कि हमारी माताएं और बहनें ही राष्ट्र की प्रगति के आधार हैं। यदि मां स्वस्थ होगी, तो पूरा परिवार स्वस्थ रहेगा। यह अभियान मातृ शक्ति के स्वस्थ भविष्य को समर्पित है।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ
इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं के लिए कैंसर, गैर-संचारी रोग, एनीमिया, तपेदिक और सिकल सेल रोग की जांच, शीघ्र पहचान और उपचार की सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही, प्रसव-पूर्व देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवनशैली और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं।
सामुदायिक भागीदारी को भी प्रोत्साहन
स्वास्थ्य शिविरों में मोटापे की रोकथाम, बेहतर पोषण और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। हरियाणा के विभिन्न जिलों में आयोजित हो रहे इन शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं भाग ले रही हैं और इस पहल की सराहना कर रही हैं।