अमर उजाला की पड़ताल के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, सेक्टर-22 अर्बन हेल्थ सेंटर में तैयारियां शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-22 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर में तीन साल से बंद पड़ा हेल्थ एटीएम अब जल्द शुरू किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने प्रबंधकों से बात कर एटीएम को चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक आवश्यक उपकरण जल्द सेंटर पर भेजे जाएंगे और स्टाफ को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि आने वाले मरीजों को इसका लाभ मिल सके।
अमर उजाला की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अर्बन हेल्थ सेंटरों की पड़ताल में खुलासा हुआ था कि सेक्टर-22 के हेल्थ एटीएम को तीन साल से डिब्बे से तक नहीं निकाला गया था। कुछ अन्य केंद्रों पर रिएजेंट खत्म होने के कारण जांचें रुकी थीं, जबकि यहां मशीन पूरी तरह बंद थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव सारस्वत ने कहा कि हेल्थ एटीएम जल्द शुरू किया जाएगा ताकि मरीजों को सुविधाएं मिल सकें।