पाइप से पानी की होगी आपूर्ति, जल मंत्री ने की योजना की शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के 45 जेजे क्लस्टरों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना शुरू की गई है। तीन समूहों ए, बी और सी में बांटकर पानी पहुंचाया जाएगा। शनिवार को जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने समूह सी कालीबाड़ी जेजे कैंप से परियोजना की आधारशिला रखी। इसमें कुल 460 परिवारों को जल्द पाइप से पानी मिलने लेगा। इस परियोजना की लागत 7.50 करोड़ रुपये है।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि साफ पानी सब तक पहुंचाना बुनियादी जरूरत है। ये जन स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक विकास के लिए जरूरी है। केवल कालीबाड़ी मार्ग जेजे क्लस्टर में ही करीब 460 परिवार इस परियोजना से लाभान्वित होंगे। अगले दो महीनों में काम पूरा होने की उम्मीद है। ग्रुप ए के अंतर्गत 15 जेजे क्लस्टरों में से 8 क्लस्टरों में काम पूरा हो गया है। शेष परियोजनाएं तेज गति से आगे बढ़ रही हैं। दिसंबर तक सभी काम पूरा करने का लक्ष्य है।