संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सवा साल से हैप्पी कार्ड नहीं आ रहे हैं। इस कारण हजारों लाभार्थियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। तब से लेकर अब तक करीब एक लाख 20 हजार लाभार्थियों ने हैप्पी कार्ड अप्लाई किए। जिसमें से 78 हजार के करीब लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित किए गए। वहीं 42 हजार के करीब लाभार्थी पिछले सवा साल से हैप्पी कार्ड के आने का इंतजार कर रहे हैं। वह अंबाला छावनी बस अड्डे पर बनाए गए पास कार्यालय पर लाभार्थी चक्कर लगाकर परेशान हो रहे हैं।
हरियाणा सरकार ने पिछले साल मार्च में हैप्पी कार्ड योजना की शुरूआत की थी, जिनके परिवार पहचान पत्र में आय एक लाख आय थी वह लोग इस योजना के लिए मान्य थे। वह हरियाणा रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा के लिए पात्र थे। ऐसे लाभार्थी रोडवेज की सामान्य बसों में सालाना एक हजार किलोमीटर तक नि:शुल्क सफर कर कर रहे थे। रोडवेज की ओर से लाभार्थी परिवारों को एक कार्ड बनाकर दिया गया। इस कार्ड के माध्यम से लाभार्थी रोडवेज की बसों में यात्रा कर रहे है, लेकिन जिन लोगों के अभी तक कार्ड नहीं आए हैं वह लोग रोजाना पास कार्यालय के चक्कर लगाकर थक चुके हैं।
पांच महीने से नहीं आ रहा पत्नी का कार्ड
अंबाला छावनी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी सरस्वती का हैप्पी कार्ड अप्लाई करवाया था। पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पत्नी का हैप्पी कार्ड नहीं आया। वह बार-बार छावनी बस अड्डे पर आकर परेशान हो चुके हैं। वह अपना काम छोड़कर कार्ड लेने के लिए आते हैं।
एक साल से नहीं आया हैप्पी कार्ड
अमरपुरी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने पिछले साल अपना हैप्पी कार्ड अप्लाई किया था जो अभी तक नहीं आया। हैप्पी कार्ड के लिए वह कई चक्कर लगा चुके हैं पास कार्यालय में कर्मचारी ठीक से जवाब नहीं देते हैं।
पिछले साल अगस्त के बाद से हैप्पी कार्ड नहीं आ रहे हैं। इसके बारे में जानकारी नहीं है कार्ड क्यों नहीं आ रहे है। इसके बारे में उच्च अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है। जैसे ही हैप्पी कार्ड आएंगे लाभार्थियों को वितरित कर दिए जाएंगे।
- करण सिंह, स्टैंड इंचार्ज, अंबाला छावनी।
अंबाला छावनी बस स्टैंड स्थित पास कार्यालय। संवाद
अंबाला छावनी बस स्टैंड स्थित पास कार्यालय। संवाद