- छह साल के पानी के बकाये से लेकर बिजली के नेगेटिव मीटर बैलेंस तक का कराया हिसाब
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक्जोटिका ड्रीमविल सोसाइटी के दूसरे फेज का हैंडओवर मिलने से निवासियों को बड़ी राहत मिली है। वर्षों से लंबित हैंडओवर की प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई है। अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने करीब 7.15 करोड़ रुपये के कुल वित्तीय हैंडओवर का हिसाब हासिल किया है। इसमें मुख्य वित्तीय राशि के साथ विभिन्न मदों में जमा रकम और पुराने बकायों का समायोजन शामिल है। वर्ष 2016 से 2022 तक के पानी के बिल और बिजली के नेगेटिव मीटर बैलेंस का भी अलग से हिसाब कराया गया है। एओए का कहना है कि इस प्रक्रिया से सोसाइटी पर पुराने बकायों का अनावश्यक बोझ पड़ने से बचाया गया है। हैंडओवर के दौरान बिल्डर और एओए के बीच कुछ वित्तीय मदों को लेकर विवाद भी सामने आए, लेकिन आपसी प्रयासों से उनका समाधान कराया गया।
एओए अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि हैंडओवर के तहत 5.50 करोड़ रुपये की मुख्य वित्तीय राशि प्राप्त हुई है। इसके अलावा 60 लाख रुपये का एनपीसीएल डिपॉजिट एओए के नाम स्थानांतरित कराया जा रहा है। पानी के छह साल पुराने बकाये के 34.62 लाख रुपये का अलग से समायोजन कराया गया है। वहीं, बिजली के नेगेटिव मीटर बैलेंस के 27,92,928 रुपये भी एडजस्ट कराए गए हैं। सोसाइटी में वर्ष 2021 में स्थापित 15 लाख रुपये की वेस्ट सेग्रीगेशन मशीन से संबंधित राशि का भी हिसाब कराया गया है।
पुराने बकायों से बचाने की पहल
एओए पदाधिकारियों के मुताबिक, कोलियर के 27,01,411 रुपये के बकाये को लेकर बिल्डर और एओए के बीच विवाद था। बिल्डर इस रकम को एओए की देनदारी बता रहा था, लेकिन एओए के प्रयासों से यह राशि उसके खाते से डेबिट नहीं हुई। सभी मदों को मिलाकर कुल हैंडओवर मूल्य 7,14,56,839 रुपये यानी करीब 7.15 करोड़ रुपये है।
हैंडओवर प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों की आपत्तियों के कारण बाधाएं भी आईं, लेकिन एओए टीम ने सोसाइटी के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रक्रिया पूरी कराई। इस मौके पर आलोक तिवारी, गणेश कुमार सिंह, वाईके गुप्ता, सुधीर सिंह और पूरी एओए टीम को बधाई दी गई। भानु प्रताप सिंह ने कहा कि निवासियों के विश्वास और सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है। टीम का उद्देश्य सोसाइटी के हितों की रक्षा करना और निवासियों से किए गए वादों को पूरा करना रहा है।