नोएडा (संवाद)। फेज-3 थाना क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी में एक मकान पर जबरन कब्जे की कोशिश की गई। आरोप है कि आरोपियों ने मकान में तोड़फोड़ कर बिजली मीटर और सीसीटीवी का डीवीआर उखाड़कर ले गए। मकान मालिक वीरेंद्र भगत ने पुलिस को बताया कि 21 अक्तूबर को तैय्यब सैफी अपने सात-आठ साथियों के साथ उनके 107 वर्ग गज के मकान में घुस आया। उन्होंने वहां मौजूद किरायेदारों और मजदूरों को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। आरोपियों ने मकान का बिजली मीटर और तार तोड़ दिए। वे पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। वीरेंद्र भगत का आरोप है कि पहले भी उन पर हमला हुआ था और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।