- यूपीजीएसटी के गौतमबुद्ध नगर जोन की टीम ने की कार्रवाई, एक अन्य फर्म से भी 51.79 लाख वसूले
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के गौतमबुद्ध नगर जोन की टीम ने नोएडा की एक बड़ी सेवा दाता कंपनी में करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ी है। कंपनी सर्विस सेक्टर में काम करती है, लेकिन अन्य सेक्टर में कारोबार दिखाकर आईटीसी क्लेम किया गया। जो नियमों के खिलाफ है। जांच में मामला सामने आने पर जीएसटी टीम ने कार्रवाई की तो कंपनी ने आईटीसी से लिया 6.64 करोड़ रुपये वापस जमा करा दिया है। वहीं एक अन्य फर्म से 51.79 लाख वसूले गए हैं।
अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर संदीप भागिया ने बताया कि जीएसटी विभाग के अफसरों ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-16 स्थित एक नामी सेवा प्रदाता फर्म विदेशी निवेशकों को देश में निवेश कराने में मदद करती है। जांच के दौरान पता चला कि कंपनी आईटीसी रिवर्स कर रही थी। बाद में सुविधा के हिसाब से फिर से आईटीसी क्लेम कर अपने कर में समायोजित करा रही थी। फर्म अब तक 6.64 करोड़ रुपये का लाभ ले चुकी थी। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद फर्म ने अपनी गलती मानी और आईटीसी से लिए गए 6.64 करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं।
वहीं नोएडा के सेक्टर 83 की एक फर्म ने वर्ष 2025-26 का सभी कर आईटीसी से चुकाया है। नकद धनराशि जमा नहीं की गई है। साथ ही 2.87 करोड़ रुपये की खरीद बोगस फर्माें से मिला है। इस खरीद से 51.79 लाख रुपये की आईटीसी क्लेम की गई। जांच में पकड़े जाने के बाद फर्म ने 51.79 लाख रुपये जमा करा दिया है।