ग्रेटर नोएडा। शहर के उद्यमियों ने जीएसटी काउंसिल के फैसलों का स्वागत किया है। कहा है कि इन फैसलों से जिले के उद्योगों को रफ्तार मिलेगी। सबसे ज्यादा फायदा कम समय में जीएसटी रिफंड से मिलेगा। अभी एक माह से अधिक समय में रिफंड मिलता है। महंगाई की मार झेल रहे उद्यमियों को कुछ राहत मिली है। हालांकि कुछ मांगे अभी बाकी रह गई। उम्मीद है कि जल्द ही विभाग उनको भी पूरा करेगा।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने बताया कि जीएसटी रिफंड पहले 60 दिन से अधिक समय में मिलता था लेकिन अब 17 दिन के अंदर रिफंड मिलेगा। अब 10 दिन में रिफंड आवेदन स्वीकार होंगे तो 7 दिन में 90 प्रतिशत राशि उद्यमियों के खाते में पहुंच जाएगी। वहीं आपराधिक कार्रवाई की सीमा एक करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ कर दी गई है। सामान्य जुर्माना धनराशि को 25 हजार से घटाकर 10 हजार कर दिया गया है। ब्यूरो