कंपनी से 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप
नोएडा। सेक्टर-62 की एक कंपनी से 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के जनरल मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने फर्म खोलकर धोखाधड़ी कर ली। कोर्ट के आदेश पर इस मामले में कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी के निदेशक सुभाष नैथानी ने कोर्ट में अर्जी दी है कि गाजियाबाद निवासी देवाशीष शर्मा ने 2017 में मैनेजर के पद पर काम शुरू किया था। वहीं ग्रेटर नोएडा निवासी दीक्षा शर्मा की 2020 में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर नियुक्ति हुई थी। बाद में देवाशीष को जनरल मैनेजर बना दिया गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर एक फर्म कंपनी बनाई और मूल कंपनी का डाटा चोरी कर लिए और ग्राहकों को कम दामों में माल सप्लाई करने लगे। इस वजह से कंपनी को 40 से 50 लाख रुपये नुकसान हुआ है। कुछ दिन पहले ही दोनों ने कंपनी छोड़ दी। दोनों ने 1.25 लाख रुपये के दो फोन भी नहीं लौटाए। कोतवाली सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि इस मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।