-महिला ने तीन महीने से किराया न देने का भी लगाया आरोप, बोली-किराएदार नहीं उठाते हैं उनका फोन
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में घर में कुत्ता पालने के कारण एक परिवार को सोसाइटी के लोगों का विरोध सहना पड़ा। गाजियाबाद निवासी श्वेता सिंह ने बताया कि उनके पति का स्वर्गवास हो चुका है। जिसके बाद उन्होंने गौड़ यमुना सिटी में मकान बनवाया था और आर्थिक समस्याओं को दूर करने के लिए मकान को किराये पर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके किरायेदार उन्हें तीन महीने से किराया नहीं दे रहे हैं और उनका फोन भी नहीं उठाते हैं। इसलिए उन्होंने लीगल नोटिस दिया है और पुलिस से भी मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके किरायेदारों के पास 10-12 कुत्ते हैं, जिसके कारण सोसाइटी के लोगों में डर का माहौल बना रहता है और लोग घबराए हुए रहते हैं। वह इस समस्या के कारण अपना मकान खाली करवाना चाहती हैं।
विवाद बढ़ने पर पहुंची पुलिस : दोनों पक्षों का मामला बढ़ने पर लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की है। पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक दोनों पक्षों में बातचीत चलती रही, लेकिन इस मामले का हल नहीं निकल सका है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को लीगल तरीके से नोटिस भेजे हैं।