कार्रवाई नहीं होने पर शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन
-दादरी कोतवाली क्षेत्र के कैमराला गांव में 27 फरवरी को टेंट का काम करते समय करंट लगने का मामला
-रविवार को इलाज के दौरान युवक की हो गई मौत, आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज है परिजन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र के कैमराला गांव में टेंट हाउस में काम करने के दौरान बिजली के करंट से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। सोमवार शाम परिजन शव को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। जबकि टेंट व्यापारी और ठेकेदार की लापरवाही से हादसा हुआ था।
मृतक के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि बिहार के दरभंगा जिले के बिरौना गांव का रहने वाले मणिकांत यादव कैमराला गांव में रहता था। यहां एक टेंट व्यापारी के यहां काम करता था। गांव में ही मालिक के घर पर शादी के लिए टेंट लगा रहा था। उससे 15 फीट ऊंचा पाइप लगवाया जा रहा था। जो हाइटेंशन लाइन से छू गया। बिजली का करंट लगने से वो बुरी तरह झुलस गया। उसे पहले जिम्स और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रविवार दोपहर में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शिवम ने बताया कि इस बीच दादरी कोतवाली में टेंट मालिक और ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करा दिया था। आरोप है कि उसके बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। इससे गुस्साएं परिजन सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे शव को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, लेकिन शाम होने के कारण ज्यादातर अधिकारी कार्यालय से जा चुके थे। करीब एक घंटा रूकने के बाद पुलिस ने समझाकर परिजनों को वहां से हटा दिया। शिवम ने बताया कि अब वो शव को लेकर बिहार जा रहे हैं। वहां से आने के बाद उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।