छात्रा की आत्महत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र में शनिवार रात 13 वर्षीया किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। किशोरी के भाई ने गैर समुदाय के पड़ोसी युवक पर बहन को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर और अरबाज के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक महोबा के रहने वाले एक शख्स ने कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र में पत्नी, बेटी और बेटे के साथ रह रहे हैं। उसकी बेटी अपनी मौसी के यहां रहकर सातवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। किशोरी के भाई का कहना है कि तीन दिन पहले उसके मां-पिता दोनों गांव की एक शादी समारोह में चले गए। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे वह डयूटी चला गया। किशोरी घर में अकेली थी। रात करीब आठ बजे उसने भाई को सब्जी लाने के लिए फोन किया था। पौने दस बजे भाई घर पहुंचा तो दरवाजा खुला था। कमरे के अंदर जैसे ही वह दाखिल हुआ, देखा कि किशोरी फंदे पर लटकी हुई है।
किशोरी ने आत्महत्या को लेकर डायरी में कुछ बातें लिखी है। डायरी में लिखा है कि पड़ोस में रहने वाला अरबाज, समीर और उसका एक अन्य साथी निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। तीनों दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे हैं। इस कारण वह जिंदगी खत्म कर रही है। एसीपी उमेश यादव का कहना है कि इस मामले की जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।