तेज रफ्तार थार ने ई रिक्शा में मारी टक्कर, चार लोग घायल
- सेक्टर-49 के पास हुआ हादसा, दो लोगों की हालत गंभीर
- हादसे के बाद अफरातफरी, थार चालक हिरासत में
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र में प्रयाग अस्पताल के सामने सोमवार शाम को तेज रफ्तार थार सवार ने ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने थार चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम को बरौला गांव निवासी राजेश, अनूप, राकेश और ओमप्रकाश ई-रिक्शा से सेक्टर-49 की तरफ जा रहे थे। जब ई रिक्शा अस्पताल के सामने सेक्टर के गेट के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति में आ रही काली थार ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। अचानक हुई जोरदार टक्कर से ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे चारों लोग सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार का एक पहिया टूटकर अलग हो गया। मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर खून बिखर गया। सूचना पर कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने थार चालक को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक जांच में थार की रफ्तार तेज होने की बात सामने आई है।
मौके पर मची अफरातफरी, वीडियो वायरल :
इस हादसे के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक वीडियो में सड़क के किनारे क्षतिग्रस्त थार व ई रिक्शा दिखाई दे रहा है। थार का पहिया टूटा हुआ दिख रहा है। आसपास लोग खड़े हैं और सड़क पर खून गिरा हुआ है। थार के आगे की तरफ का नंबर प्लेट दिखाई नहीं दे रहा है।
हादसे के बाद लगा जाम : इस हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। करीब 20 मिनट तक वहां जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद कुछ लोग रास्ता बदलकर अपने गंतव्य की तरफ गए। जब पुलिस की टीम पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया।