- स्कूल प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी कराने को लिखा था पत्र, सड़क पर चलते मिलने पर होगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। विद्यालयों का नया सत्र शुरू होने वाला है। फिर भी स्कूली वाहनोंं का परमिट नहीं हुआ। जिले की सड़कों पर अभी भी ऐसे वाहन दौड़ रहे हैं जिनका परमिट सालों पहले खत्म हो चुका है। ऐसे वाहन पकड़े जाने पर स्कूल प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी परिवहन विभाग ने दी थी। अब वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
चेतावनी देने के बाद भी वाहन चालकों ने परमिट दोबारा नहीं कराया। दरअसल, जिले में 140 स्कूली व अनुबंधित वाहन ऐसे हैं जिनका परमिट और फिटनेस लंबे समय पहले समाप्त हो गया है। फिर भी इनका संचालन किया जा रहा है। परिवहन विभाग ने ऐसे वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया। नोटिस के बाद भी जब फिटनेस टेस्ट नहीं कराया तो स्कूल प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए भी पुलिस महकमे को पत्र लिखा था। अब ऐसे वाहन मिलने पर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। एआरटीओ नंद कुमार ने बताया कि ऐसे वाहन सड़क पर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
हो सकते हैं अप्रिय हादसे :
बगैर फिटनेस और परमिट के चलने वाले स्कूली वाहन बच्चाें के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। अधूरे मानकों के साथ ये वाहन बच्चों को लेकर आवागमन करते हैं। ऐसे में अप्रिय घटना होने का डर बना रहता है। वाहन में थोड़ी सी भी तकनीकी खराबी हादसे का रूप ले सकती है। इससे बड़ा हादसा भी हो सकता है।