- सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-51 की ओर जा रही थी महिला
- शोर मचाने पर जुटे लोग, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नोएडा। सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-51 की ओर जा रही महिला का पीछा करने का विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता व मारपीट की गई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू अशोक नगर निवासी नेहा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार की सुबह वह सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-51 की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनका पीछा करने लगा। आरोप है कि ऐसा करने से रोकने पर व्यक्ति ने महिला के साथ अभद्रता शुरू कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला ने शोर मचाया जिससे आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना नाम ईश्वरदीन अहिरवार बताया और खुद को ग्राम उरदाना, थाना चंदला, जिला छतरपुर, मध्य प्रदेश का निवासी बताया। सेक्टर-49 थाना प्रभारी आर पी शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।