-स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत बिसरख ब्लॉक की 21 एएनएम का इनकम टैक्स रिटर्न अटक गया
-आईटीआर में जुर्माना लगने पर लेखा प्रभारी या चार्टेड अकाउंटेंट के जिम्मेदार होने की बात कही
माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। स्वास्थ्य विभाग में बिसरख ब्लॉक की 21 एएनएम का इनकम टैक्स रिटर्न अटक गया है। सोमवार को यह सभी एएनएम कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय का दरवाजा खटखटाया और अपना गुस्सा जाहिर किया। यही नहीं, एएनएम कर्मियों ने सीएमओ के ऑफिस में स्टाफ पर शिकायत के बावजूद बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। इस दौरान आईटीआर में जुर्माना लगने पर लेखा प्रभारी या चार्टेड अकाउंटेंट के जिम्मेदार होने की बात कही।
सोमवार की दोपहर करीब 18-20 एएनएम अपनी मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंची। एएनएम ने आरोप भी लगाया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन पहुंचाने के लिए उन्हें ट्रांसपोर्टेशन सुविधा भी नहीं मिलती है। अर्चना राय ने बताया कि 21 एएनएम बिसरख ब्लॉक में टीकाकरण और स्वास्थ्य विभाग की तमाम योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने में सहयोग करती हैं। उनका कहना है कि 2026- 2027 का इनकम टैक्स रिटर्न फार्म-16ए में 31000 रुपये दर्शाया गया है जबकि ऑनलाइन टीडीएस में शून्य नजर आ रहा है। पिछले 15-20 दिनों से सभी एएनएम ने स्वास्थ्य विभाग में संबंधित अधिकारी को कई बार समाधान के लिए संपर्क किया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्हें इनकम टैक्स में जुर्माना लगने का डर सता रहा है। सीएमओ ने मौके पर ही अकाउंट विभाग के स्टाफ को बुलाकर सभी दस्तावेजों की जांच की। स्टाफकर्मी का कहना था कि इनकम टैक्स विभाग के पोर्टल में तकनीकी समस्या आ रही है। ऐसे में उन्होंने एएनएम को एक सप्ताह में समाधान कराने का आश्वासन दिया।
एएनएम को आयकर विभाग के पोर्टल में तकनीकी समस्या होने की बात सामने आई है। जल्द ही चार्टेड अकाउंटेंट से बात कर समाधान कराया जाएगा।
डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, सीएमओ, गौतमबुद्ध नगर