काफलीगैर (बागेश्वर)। कठपुड़ियाछीना को पृथक ब्लॉक बनाने के लिए लंबे समय से चल रही मांग की उपेक्षा से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। जन संघर्ष समिति की बैठक में पदाधिकारियों ने अलग विकासखंड की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया। जल्द ही लोगों से रायशुमारी कर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को नरेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक समिति की बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि करीब पांच दशक से कठपुड़ि़याछीना को अलग विकासखंड का दर्जा देने की मांग की जा रही है। शासन-प्रशासन इस मांग को लेकर गंभीर नहीं है। क्षेत्रवासी भविष्य में आंदोलन करने के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की उपेक्षा करने का भी मन बना रहे हैं। बैठक में कठपुड़ियाछीना में सोलर पंप लगवाने, तहसील परिसर में दिव्यांग शिविर लगाने, जीर्ण-शीर्ण पंपगृह की मरम्मत कराने समेत अन्य समस्याएं उठाई गईं। इस मौके पर प्रेम राम, गोविंद सिंह जनौटी, एनके मिश्रा, देवीदत्त मिश्रा, शंकर मिश्रा, जगमोहन मेहता, खीम सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।