- 9 मई से 10 जून तक चलेंगी आवेदन प्रक्रिया, 27 जून को होगी ई-नीलामी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में ग्रुप हाउसिंग के 17 भूखंडों की बहुप्रतीक्षित योजना 9 मई से शुरू हो रही है। इस योजना में आवेदन प्रक्रिया 10 जून तक चलेगी, जबकि 27 जून को ई-नीलामी के माध्यम से भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यह योजना सेक्टर-17, सेक्टर-18 और सेक्टर-22डी में लागू की जा रही है। इनमें सेक्टर-17 में 5, सेक्टर-18 में 6, और सेक्टर-22डी में भी छह भूखंड शामिल हैं। भूखंडों की आवंटन दर 52,500 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। इन भूखंडों पर करीब 20 हजार से अधिक फ्लैटों का निर्माण संभावित है। खास बात यह है कि एयरपोर्ट और फिल्म सिटी जैसी मेगा प्रोजेक्ट्स के पास होने के कारण इस योजना को लेकर बिल्डरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस योजना से क्षेत्र में आवासीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी।