सड़क, शौचालय, सफाई और यातायात पर हुई चर्चा, डीएम ने दिए तत्काल समाधान के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित व्यापार बंधु बैठक में शहर के बाजारों से जुड़ी जमीनी समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की। उन्होंने व्यापारिक हितों से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (नोएडा इकाई) के पदाधिकारियों ने विभिन्न बाजारों की समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रमुख मुद्दों में सेक्टर-66 मामूरा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के आसपास अवैध ठेले-पटरी हटाने, एनएच-9 से एफएनजी (छिज्जारशी गोलचक्कर) तक जर्जर सड़क की मरम्मत, तथा मामूरा अंडरपास और सेक्टर-73 आर्य नगर मार्केट में सफाई व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था में सुधार की मांग शामिल रही।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि शहर की आर्थिक गतिविधियों में व्यापारियों की अहम भूमिका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारिक क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिकता में रहेंगी। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर फॉलो-अप रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख रूप से चेयरमैन नरेश कुशल, अध्यक्ष राम अवतार सिंह, वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी, दिनेश महावर, ओमपाल शर्मा, सुरेंद्र यादव, हरवीर सिंह चौहान और प्रवीण सक्सेना सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।