कारखाना विभाग ने विद्या जीवन कोचिंग सेंटर व जीएल बजाज कॉलेज में की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। विद्या जीवन कोचिंग सेंटर और जीएल बजाज की निर्माणाधीन बिल्डिंग में सुरक्षा मानकों की घोर लापरवाही मिली है। विद्या जीवन की निर्माणाधीन बिल्डिंग में 1300 छात्र-छात्राओं की जान जोखिम में डालकर कोचिंग पढ़ाई जा रही थी। इतना ही नहीं, नीचे कैनोपी भी लगी थी जिसमें छात्र बैठे थे। इन छात्रों पर कोई भी भारी वस्तु गिर सकती है। टीम ने दोनों जगह निर्माण कार्य को रुकवा दिया है।
सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज और कंपनी की निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से दो मजदूरों की मौत के बाद श्रम और कारखाना विभाग की टीम ने निर्माणाधीन बिल्डिंगों सुरक्षा जांच शुरू कर दी है। अफसरों का कहना है कि सुरक्षा के सभी इंतजाम होने के बाद ही निर्माण करने की अनुमति दी जाएगी। जिले की अन्य निर्माणाधीन साइटों का निरीक्षण किया जाएगा। टीम निर्माणाधीन साइटों का निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय परखेगी। अब तक सात साइट का निरीक्षण किया जा चुका है।
ये खामियां मिलीं, निर्माण कार्य रोका
सहायक निदेशक कारखाना नोएडा क्षेत्र राम बहादुर ने बताया कि मंगलवार को नॉलेज पार्क-1 स्थित विद्या जीवन कोचिंग सेंटर के निरीक्षण में बहुमंजिला बिल्डिंग निर्माणाधीन मिली है। सभी तल पर निर्माण चल रहा है। इसके बावजूद भूतल व प्रथम तल पर 1300 छात्रों को कोचिंग दी जा रही थी। बिल्डिंग के बाहर किनारे लगी कैनोपी में बड़ी संख्या में छात्र बैठे थे। उनके ऊपर कुछ भी गिर सकता था। श्रमिकों की सुरक्षा के उपाय भी नाकाफी थे। टीम ने तत्काल मौके पर निर्माण कार्य रुकवाया। तकनीकी जांच रिपोर्ट व सुरक्षा प्रमाण पत्र के बाद ही निर्माण कार्य करने की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद जीएल बजाज कॉलेज का निरीक्षण किया गया। यहां टावर सी में शटरिंग व छत और फर्श पर ढलाई का काम चल रहा था। नौवीं मंजिल पर सीढ़ियों का निर्माण कार्य चल रहा था। ऊंचाई पर काम कर रहे श्रमिकों के पास सुरक्षा उपकरण नहीं थे। वहीं से छात्रों को आना-जाना हो रहा था। बिल्डिंग में निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। अनुमति के बाद ही काम करने की अनुमति दी जाएगी।