-10 किमी की दूरी में टाइल्स लगने से खत्म होगी धूल, वायु प्रदूषण से मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की 60 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे धूल खत्म होगी। इसके लिए किसान चौक से पुलिस लाइन के बीच ग्रेनो प्राधिकरण दोनों तरफ ग्रॉस ग्रिड (टाइल्स) लगाएगा। ताकि धूल को नियंत्रित किया जा सके। धूल के कारण प्रदूषण के स्तर में बढ़तरी होती है। प्राधिकरण के अफसरों का कहना है कि करीब 10 किमी की दूरी में एक से दो मीटर ग्रॉस ग्रिड लगाई जाएंगी। यह काम अगले छह माह में पूरा किया जाएगा। ताकि वायु प्रदूषण से राहत मिल सके। इस पर करीब 22 करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। अफसरों ने बताया है कि एक माह के अंदर सभी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रदूषण पर होगा नियंत्रण
सर्दी के मौसम में दिल्ली एनसीआर की हवा काफी प्रदूषित हो जाती है। प्रदूषण विभाग ने पूरे ग्रेनो वेस्ट को वायु प्रदूषण का हॉटस्पॉट घोषित किया है। ऐसे में प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण की रोकथाम की कार्रवाई अभी से शुरू कर दी है। धूल उड़ने की रोकथाम में छिड़काव के दौरान पानी की बर्बादी से भी निजात मिलेगी।
सड़कों का होगा चौड़ीकरण
प्राधिकरण ग्रेनो वेस्ट से लेकर ग्रेटर नोएडा तक की सड़कों को चौड़ा करने का काम कर रहा है। मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण से जाम की समस्या से राहत मिली। जो वायु प्रदूषण से भी राहत देगा। सड़कों के चौड़ीकरण से जाम और प्रदूषण की समस्या कम होने की उम्मीद है।