ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 364
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा मंगलवार को देश का तीसरा और एनसीआर का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले वायु गुणवत्ता सूचकांक में 18 अंक का सुधार हुआ है लेकिन हवा अब भी रेड जोन में हैं। एक्यूआई 364 दर्ज किया गया। वहीं ग्रेनो वेस्ट की हवा ग्रेटर नोएडा से भी ज्यादा प्रदूषित रही है। सुबह का एक्यूआई डार्क रेड जोन में 400 के पास रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ग्रेनो वेस्ट में धूल पर नियंत्रण नहीं किया जा रहा है।
19 दिन से ग्रेनो की हवा रेड जोन और डार्क रेड जोन में 300 से 450 के बीच बनी हुई है। वायु प्रदूषण के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। सबसे बुरा हाल ग्रेनो वेस्ट का है। सुबह 10 बजे ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 335 रहा तो ग्रेनो वेस्ट का एक्यूआई तब 411 रहा था। शाम को चार बजे भी हालात वैसे ही रहे। तब ग्रेनो वेस्ट का एक्यूआई 391 और ग्रेनो का एक्यूआई 325 रहा।
ग्रेनो वेस्ट के लोगों का कहना है कि यूपीपीसीबी ने पूरे ग्रेनो वेस्ट को वायु प्रदूषण का हाॅट स्पॉट घोषित किया गया है लेकिन वायु प्रदूषण रोकने के इंतजाम करने की खानापूर्ति की जाती है। पूरे शहर में जगह-जगह धूल उड़ रही है। कहीं पर भी धूल उड़ने के इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। सड़कों से भी धूल को नहीं हटाया जा रहा है।