बारिश के बाद भी एनसीआर में ग्रेनो सबसे प्रदूषित शहर
ग्रेटर नोएडा। चार दिन से हो रही बारिश के बाद भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा का वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। बुधवार को ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई येलो जोन से ऑरेंज जोन में 239 पहुंच गया है। जिसकी वजह से ग्रेटर नोएडा दिल्ली-एनसीआर का सबसे प्रदूषित शहर रहा। दूसरे नंबर पर गाजियाबाद रहा। देश में ग्रेटर नोएडा 27वें स्थान पर रहा। वहीं, नोएडा का एक्यूआई 200 दर्ज किया गया। एक अंक और बढ़ते ही यहां का एक्यूआई भी ऑरेंज जोन में पहुंच जाएगा। सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में नोएडा 40वें नंबर पर रहा।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ( यूपीपीसीबी) के अधिकारियों का कहना है कि बारिश के कारण आर्द्रता बढ़ गई है। जिस कारण वाहनों का धुआं ऊपर नहीं जा पा रहा है। हवा के चलने का असर कम हो रहा है। आर्द्रता कम होने पर असर देखने को मिलेगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पिछले चार दिन से बारिश हो रही है। साथ ही हवा भी चल रही है। बारिश और हवा के कारण मंगलवार को दोनों शहर के वायु प्रदूषण में काफी सुधार देखने को मिला था। नोएडा का एक्यूआई 149 और ग्रेटर नोएडा का 120 पहुंच गया था, लेकिन बुधवार को वायु प्रदूषण फिर बढ़ना शुरू हो गया। शाम चार बजे के बुलेटिन में ग्रेनो का एक्यूआई 239 रहा।