ग्रेटर नोएडा बीटा-2 पुलिस ने फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी के जरिये सर्राफा कारोबारियों को चूना लगाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नकली हॉलमार्क गुदे हुए पीली धातु के चार कंगन, 1,32,230 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की टाटा सेरा कार बरामद की है। बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 8.70 लाख रुपये है। गिरोह हरिद्वार में रविवार को ठगी की घटना को अंजाम देकर वापस ग्रेटर नोएडा पहुंचा था।
डेल्टा-तीन निवासी संजय वर्मा की जगत फार्म मार्केट में राधा गोविंद ज्वैलर्स के नाम से ज्वेलरी की दुकान है। सात अक्तूबर 2025 को गुरमीत नामक व्यक्ति ने सोने के चार लाख रुपये की कीमत वाले दो कंगन खरीदे थे। इसके बाद दिनांक 12 अक्तूबर 2025 को वही व्यक्ति अपनी सोनिया नामक महिला के साथ दुकान पर आया और खरीदे गए कंगनों को बड़ा बताते हुए छोटे साइज के कंगन की मांग की। दुकान पर भीड़ होने के कारण गुरमीत व सोनिया को बड़े कंगन बदलकर छोटे कंगन व नौ सिक्के दिए गए। इसके बाद वे चले गए। बाद में चेक किया तो कंगन नकली थे। आरोपी फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी देकर असली ज्वैलरी हासिल कर ली और बाद में फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज की थी।
एसीपी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को गामा-2 ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से आरोपी दीपक चौहान निवासी बी-81 पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सेक्टर जीटा-1 और आरोपी सानिया उर्फ सोनिया निवासी बुलंदशहर, वर्तमान हाल पता डिजाइन आर्च सोसाइटी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। फर्जी हॉलमार्क गुदवाकर नकली ज्वैलरी को असली बताकर ज्वैलर्स की दुकानों पर सौदे करते थे। यह पहले असली ज्वैलरी खरीदने का भरोसा जीतते, फिर अगली खरीद के बहाने नकली हॉलमार्क लगी ज्वैलरी देकर असली सोना बदल लेते और उसे बेचकर मोटी रकम हासिल करते थे।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस ने घटना स्थल के पास आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चार कंगन, 1,32,230 रुपये नकद और कार बरामद की गई। कार का उपयोग आरोपी वारदात को अंजाम देने और फरार होने में करते थे।
गिरोह हरिद्वार के अलावा दिल्ली में भी वारदात को अंजाम दे चुका है। गिरोह ने अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस जांच में पता चला है कि जो कार बरामद हुई है, वह महिला की है। महिला अपने छोटे बच्चे के साथ किराये के फ्लैट में रहती है। महिला की पति की मौत हो चुकी है। महिला गिरफ्तार आरोपी के साथ पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर चुकी है।
इस कारण वह उससे परिचित है। वहीं आरोपी की पत्नी पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी में किराये के मकान में रहती है। आरोपी पिछले छह माह से महिला के साथ उसकी सोसाइटी में सहमति संबंध में रह रहा था। गिरोह पिछले छह माह से सक्रिय था। आरोपी जब ज्वेलरी की दुकान पर जाता था तो महिला को अपनी पत्नी बताता था। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। आरोपी अब तक लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर चुके हैं।undefinedरोपी अबतक लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर चुके हैं।