माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क 2-3 के अलावा एक्सपो मार्ट के आसपास नए पार्क विकसित करने का काम ग्रेनो प्राधिकरण करेगा। यहां कोई बड़ा पार्क नहीं होने की वजह से लंबे समय से मांग बनी हुई है। अब ग्रेनो प्राधिकरण के उद्यान विभाग ने यहां जमीन की तलाश शुरू की है। एक्सपो मार्ट के गेट नंबर-5 के सामने मौजूद पार्क के विकास से इसकी शुरुआत होगी।
प्राधिकरण के उपनिदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि एक्सपो मार्ट के पास अभी इस जमीन का कोई उपयोग नहीं है। यहां पार्क के लिए नियोजन इस जमीन का किया गया था। अभी केवल बाउंड्रीवॉल ही यहां है। ऐसी एक दो जमीनें और इसी तरह अनुपयोगी पड़ी हुई हैं। इनको पार्क के रूप में विकसित करने से विजिटर्स के अलावा स्थानीय लोगों के लिए भी एक रीक्रिएशन सेंटर तैयार हो सकेगा। यहां लोगों के टहलने के लिए पाथवे के अलावा बैठने के लिए बेंच आदि लगाई जाएंगी। जल्दी ही इस पार्क पर काम शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा एजुकेशन हब के रूप में चर्चित नॉलेज पार्क 2-3 में कुछ जगहों पर पार्क बनाए जाएंगे। नासा पार्किंग के आसपास मौजूद ग्रीनबेल्ट की जगहों के अलावा सेंट्रल वर्ज का उपयोग भी इन पार्क के लिए किया जा सकेगा। कुछ संस्थानों के पास भी ग्रीनबेल्ट की जमीनें मौजूद हैं। इनको भी पार्क के रूप में तैयार करने की योजना है।