ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्थापना दिवस आज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो की सोसाइटियों में स्वच्छता प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाली सोसाइटी का पता आज चलेगा। ग्रेटर नोएडा का आज स्थापना दिवस है। इस अवसर पर विजेता सोसाइटी के नाम की घोषणा की जाएगी। शहर को पहला ओपन जिम भी आज ही मिलने जा रहा है। सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें स्वच्छता से जुड़े सवालों के जवाब देने थे। कुल 120 में से 52 सोसाइटियों ने हिस्सा लिया। पहले स्थान पर वाली सोसाइटी को दो लाख, दूसरे स्थान को 1.5 लाख और तीसरे स्थान वाली सोसाइटी को एक लाख रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा। ग्रेटर नोएडा का पहला ओपन जिम सिटी पार्क में बनकर तैयार है। सुबह 10 बजे शुभारंभ किया जाएगा, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, नोएडा के विधायक पंकज सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह व दादरी विधायक तेजपाल नागर को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा करने के लिए ऑडिटोरियम में सेमिनार का आयोजन होगा। शहर के प्रबुद्ध नागरिक हिस्सा ले सकते हैं।
ग्रेनो की स्थापना 28 अप्रैल 1991 को हुई थी। 30 साल बाद अब शहरवासियों को गंगाजल मिल सकेगा। प्राधिकरण ने 2021 में हर हाल में गंगाजल ग्रेनो तक ले आने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा इस साल ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर सोडियम के बजाय एलईडी स्ट्रीट लाइट भी लग जाएंगी। ग्रेटर नोएडा को और स्वच्छ बनाने के लिए तीन नए एसटीपी की नींव भी इसी साल रखी जाएगी। अभी तक ग्रेटर नोएडा का सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नहीं बना है। प्राधिकरण का दावा है कि इस साल इसकी भी नींव रख दी जाएगी। मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब व लॉजिस्टिक हब की आधारशिला भी इसी वर्ष रखने की योजना है। ग्रेनो वेस्ट तक मेट्रोे लाने की योजना पर भी काम चल रहा है।