शासन स्तर से 1.41 करोड़ रुपये का बजट पास
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के एथलीट्स के लिए अब घास का मैदान तैयार किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से 1.41 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है। यह मैदान ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैयार होना है। स्टेडियम में इंटरलॉक, मिट्टी भराव किया जाएगा, ताकि जिले के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से वंचित न हो सकें।
जिले में घास का मैदान न होने से प्रतिभावान एथलीट्स को प्रतियोगिता की तैयारी के लिए दिल्ली समेत आसपास के जिलों में जाना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनो बर्बाद होते हैं। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि मैदान के लिए जिलाधिकारी की कमेटी की ओर से खेल निदेशालय को भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृत कर लिया गया है। नए मैदान से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।
-
सिंथेटिक ट्रैक बनना था, लेकिन मंजूरी नहीं मिली
पहले जिले में सिंथेटिक ट्रैक बनाने की योजना थी लेकिन स्टेडियम में मैदान अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा नहीं उतरा। इस कारण सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण को मंजूरी नहीं मिली। स्टेडियम में अब तक रोजाना करीब 30 से 35 खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। घास का मैदान बनने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।