आदर्श नगर में पेंशन के पैसे न देने से नाराज होकर दी वारदात अंजाम
पत्नी को छोड़कर आरोपी सहमति संबंध में किसी और के साथ रहता था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आदर्श नगर में भोजराम (90) की पोते प्रदीप (36) ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस की तीन टीमें हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही हैं। भोजराम की पेंशन के अलावा मकान का किराया आता था। बुजुर्ग रुपये पोते को न देकर उसकी पत्नी को देते थे। प्रदीप पत्नी को छोड़कर किसी और महिला के साथ सहमति संबंध में रह रहा था। रुपये उसे न देने की बात पर वह दादा से नाराज था। इसी बात पर उसने दादा की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, भोजराम परिवार के साथ आजादपुर गांव, बुध मंदिर वाली गली नंबर-2 में रहते थे। परिवार में छोटा बेटे जयवीर के अलावा प्रदीप और उसकी पत्नी व तीन बच्चे हैं। भोजराम सेना में हवलदार के पद से रिटायर थे। उनकी पेंशन आती थी। प्रॉपर्टी का किराया भी आता था। पेंशन और किराये की आधी रकम भोजराम बेटे जयवीर को देते थे, बाकी रकम प्रदीप की पत्नी और उसके बच्चों को दी जाती थी। इस बात पर प्रदीप दादा से झगड़ा करता था। दादा का कहना था कि वह महिला को छोड़कर पत्नी के साथ रहे। सोमवार दोपहर के समय इसी बात पर प्रदीप ने दादा की पिटाई कर दी। दादा अचेत हुए तो आरोपी फरार हो गया। गंभीर हालत में भोजराम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।